AIIMS में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल दवे का निधन….

anil madhav Dave MP BJP

AIIMS में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री अनिल दवे का निधन, PM ने जताया शोक

नई दिल्ली। 60 वर्षीय केंद्रीय वन एवं पर्यावरण राज्‍यमंत्री अनिल माधव दवे का निधन दिल्ली के एम्स में दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार को हुआ। मध्‍यप्रदेश के उज्‍जैन जिले के बरनागर गांव में 6 जुलाई, 1956 को जन्‍मे दवे ने अपनी आरंभिक शिक्षा गुजरात में हासिल की।

उन्‍होंने इंदौर से ग्रामीण विकास एवं प्रबंधन में विशेषज्ञता के साथ वाणिज्‍य में स्‍नातकोत्‍तर की डिग्री हासिल की। वह कॉलेज के दिनों में एक छात्र नेता थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उनके निधन पर सबसे पहले शोक जताया है।

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “मैं कल शाम को अनिल दवे जी के साथ था, उनके साथ नीतिगत मुद्दों पर चर्चा कर रहा था। उनका निधन मेरा निजी नुकसान है। उन्हें लोग जुझारू लोक सेवक के तौर पर याद रखेंगे। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वह काफी जुझारू थे।

सूत्रों के मुताबिक, अनिल दवे पिछले दो सत्र से सेशन में नहीं आ रहे थे। उनकी जगह प्रकाश जावड़ेकर सदन में उनका कामकाज संभाल रहे थे। वे छुट्टी पर थे। बीच में संसद आते थे, मेडिकल विंग में चेकअप के लिए आते थे। मंत्रालय आकर कामकाज संभालने की स्थिति में नहीं थे, पर अक्सर आते थे।

उन्हें 5 जुलाई 2016 में मंत्री बनाया गया था। संघ से ताल्लुक रखने वाले अनिल दवे को एक प्रखर प्रवक्ता के तौर पर जाना जाता था। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषा पर अच्छी पकड़ थी। प्रश्नकाल में सवालों का जो जवाब देते थे उसके लिए विपक्ष भी उनकी तारीफ करते थे।

About The Author