5000 अरब डॉलर अर्थव्यवस्था बनने पर देश से मिट जाएगी गरीबी

Jayant Sinha BJP

भोपाल। भाजपा नेता और पूर्व केंद्र वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने दावा किया है कि केंद्र सरकार यदि वर्ष 2024 तक 5000 अरब डॉलर यानी 350 लाख करोड़ रूपए की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल कर लेती है, तो देश से गरीबी मिट जाएगी। एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सन 2024 तक देश को पांच हजार अरब डॉलर यानी 350 लाख करोड़ रुपए की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। यदि हम कुछ ही सालों में 350 लाख करोड़ रुपए का लक्ष्य पा लेते हैं, तो हम लोग इस देश से गरीबी को विशेषकर अत्यंत गरीबी को बिल्कुल मिटा देंगे। उन्होंने यह नहीं बताया कि इस गरीबी को कब तक दूर कर लिया जाएगा।

सिन्हा ने कहा इतिहास में कभी भी किसी देश ने यह काम नहीं किया है। यह अपने आप में एक बहुत बड़ी ऐतिहासिक क्रांतिकारी उपलब्धि होगी। इसलिए 350 लाख करोड़ रूपए की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य अहम है। हम इस लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा आज के समय हमारी अर्थव्यवस्था 200 लाख करोड़ रूपए की है। जब हम पांच हजार अरब डालर पर पहुंचेंगे, तो हम लोगों का उत्पादन 350 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा। करीब-करीब दो गुना। जब हम यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे जो हम विश्व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे। सिन्हा ने बताया फिर अर्थव्यवस्था में हमसे आगे सिर्फ अमेरिका और चीन रहेंगे।

उन्होंने कहा आज हम दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमारे आगे अमेरिका और चीन के अलावा जापान एवं जर्मनी हैं। सिन्हा ने बताया कि वर्तमान में देश में करीब 25 करोड़ परिवार हैं और उनमें से हर परिवार को पिछले पांच सालों में मोदी के नेतृत्व वाली हमारी केंद्र सरकार की नीतियों एवं योजनाओं से लाभ मिला है।

About The Author