मनोज तिवारी ने शुरू की विजय विकास यात्रा

Manoj Tiwari Bjp

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए अपनी विजय विकास यात्रा वसंत विहार वार्ड से सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, नई दिल्ली जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री सुश्री आरती मेहरा एवं यात्रा व्यवस्था प्रमुख पंकज जैन के साथ प्रारम्भ की। तिवारी ने आज आर के पुरम, मालवीय नगर, कस्तूरबा नगर एवं ग्रेटर कैलाश विधानसभा के अंतर्गत सभी १२ वार्डों में रोड शो के माध्यम से सघन प्रचार किया और सांवल नगर में एक जनसभा को सम्बोधित किया।

पार्षद राधेश्याम शर्मा, शैलेन्द्र सिंह मोन्टी, श्रीमती सविता गुप्ता, के सी तनेजा, श्रीमती सुनीता गुलिया, श्रीमती मीनू पंवार, श्रीमती अंकिता सैनी, प्रदेश कार्यालय मंत्री गिरीश सचदेवा भी प्रचार में सम्मिलित हुये।

मनोज तिवारी ने विजय विकास यात्रा के दौरान सफदरजंग एन्कलेव में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुये कहा कि अरविन्द केजरीवाल हो या अजय माकन दोनों ही भाजपा के प्रति जनता के समर्थन और सदभाव को देखकर बौखला गये हैं और इसीलिए भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से घिरी अरविन्द केजरीवाल आज पुनः जनता को गुमराह करने के लिए मुफ्त सेवाओं एवं भ्रामक प्रचार कर रहे हैं तो केजरीवाल को २०१३ में समर्थन दे दिल्ली को अराजकता की ओर धकेलने वाली कांग्रेस के अजय माकन बेबुनियाद योजनाओं से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे है।

दिल्ली की जनता अब राजनीतिक वास्तविकता को समझ चुकी है, केजरीवाल-माकन को नकार कर समग्र विकास के लिए भाजपा को चुनेगी और प्रदेश अध्यक्ष के नाते मैं दिल्ली की जनता के लिए सर्वोत्तम निगम सेवायें देने का संकल्प लेता हूँ।

श्री तिवारी ने आज प्रातः १० बजे से दोपहर ३.३० बजे तक वसंत विहार वार्ड से प्रत्याशी मनीष अग्रवाल, मुनिरका से भगत सिंह टोकस, आर के पुरम से श्रीमती तुलसी जोशी, सफदरजंग एन्कलेव से श्रीमती राधिका फोगाट, हौजखास से अनिल शर्मा, मालवीय नगर से डॉ। नंदनी शर्मा के लिए रोड शो एवं जनसम्पर्क किया।

About The Author