दिल्ली में डेंगू अलर्ट: CM रेखा गुप्ता का निर्देश – चालान से पहले दो चेतावनी जरूरी

Rekha Gupta CM Delhi
डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर दिल्ली सरकार सक्रिय। सीएम रेखा गुप्ता ने फॉगिंग जल्द शुरू करने, चेतावनी के बाद चालान और लार्वा नियंत्रण के निर्देश दिए।
डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया को लेकर दिल्ली अलर्ट मोड में
दिल्ली में वेक्टर जनित रोगों (Vector Borne Diseases) के संभावित खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन घरों या स्थानों पर मच्छरों का लार्वा पाया जाता है, वहां सीधे चालान न काटा जाए, बल्कि पहले दो बार चेतावनी दी जाए, ताकि लोग जागरूक होकर स्वयं उपाय कर सकें।
फॉगिंग जल्द शुरू करने के निर्देश
सीएम रेखा ने कहा कि सामान्यतः फॉगिंग सितंबर में शुरू होती है, लेकिन इस बार उसे समय से पहले शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दो महीने इन बीमारियों की रोकथाम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और हमें पहले से तैयार रहना होगा।
विभागों को दिए विशेष निर्देश
बैठक में दिल्ली नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सीएम ने स्पष्ट किया कि:
मच्छर प्रजनन रोकने के लिए सभी संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
स्कूल, अस्पताल, पार्क व खुले क्षेत्रों में विशेष सफाई और लार्वा नियंत्रण किया जाए।
आवश्यक दवाएं, मशीनरी या संसाधनों की कोई कमी न आने दी जाए।
किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क करें।
प्राकृतिक नियंत्रण: लार्वीवोरस मछलियां छोड़ी गईं
CM रेखा गुप्ता ने बताया कि अभी तक:
5,09,524 घरों में फॉगिंग और स्प्रे किया गया है।
71,086 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया और वहीं नष्ट किया गया।
279 स्थानों पर लार्वीवोरस मछलियों को छोड़ा गया है, जो जैविक तरीके से मच्छरों के लार्वा को खत्म करती हैं।
सीएम ने कहा: “जनता की भागीदारी ज़रूरी”
रेखा गुप्ता ने कहा, “डेंगू से लड़ाई सिर्फ सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनता की भागीदारी अहम है। जब लोग खुद सजग होंगे, तभी दिल्ली को मच्छरजनित रोगों से पूरी तरह सुरक्षित किया जा सकता है।”